चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ग्राम चंदेली के शासकीय विद्यालय के वार्षिक उत्सव में हुए शामिल!

चंद्रपुर। चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चंदेली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रामकुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक यादव द्वारा माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में उत्सव का वातावरण उल्लास और उमंग से भर गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार यादव ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल अच्छी पढ़ाई ही नहीं, बल्कि नैतिक शिक्षा, कला, संस्कृति और संस्कारों में रुचि रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक का निर्माण करना है। वार्षिक उत्सव जैसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और छिपे हुए हुनर को निखारने का अवसर मिलता है।
विधायक यादव ने कहा कि छात्र जीवन में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज की मजबूत नींव रखते हैं।
विधायक रामकुमार यादव अपने सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। वे अपने विधानसभा क्षेत्र में जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि एक परिवार के सदस्य की तरह लोगों के बीच रहते हैं, जिससे आमजन में उनके प्रति विशेष आत्मीयता देखने को मिलती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वार्षिक उत्सव के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



