नेतृत्व बदले तो बदले तक़दीर: खरसिया विधानसभा बनेगा चहुमुखी विकास का हब?

रायगढ़ :-खरसिया विधानसभा क्षेत्र वर्षों से संभावनाओं से भरपूर होने के बावजूद अपेक्षित विकास से वंचित रहा है। उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार—हर क्षेत्र में अपार अवसर मौजूद हैं, लेकिन दृढ़, दूरदर्शी और जन-सरोकारों से जुड़ा नेतृत्व न होने के कारण यह क्षेत्र अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुँच पाया। यही कारण है कि आज क्षेत्र में यह चर्चा आम है कि जिस दिन खरसिया को नया और प्रभावी विधायक नेतृत्व मिलेगा, उसी दिन से विकास की दिशा बदलेगी।
वर्तमान हालात यह सवाल खड़े करते हैं कि क्या जनता की समस्याएँ सही मंच तक पहुँच पा रही हैं? ग्रामीण सड़कों की बदहाली, पेयजल संकट, युवाओं के लिए रोजगार के सीमित अवसर, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और शिक्षा के गिरते स्तर ने आम नागरिकों को निराश किया है। बड़े-बड़े वादों के बावजूद जमीनी हकीकत जस की तस बनी हुई है।
खरसिया भौगोलिक और आर्थिक दृष्टि से एक विकास हब बन सकता है। यदि मजबूत नेतृत्व मिले तो यहाँ औद्योगिक निवेश बढ़ सकता है, कृषि आधारित उद्योग स्थापित हो सकते हैं, युवाओं के लिए कौशल विकास केंद्र खुल सकते हैं और स्वास्थ्य व शिक्षा का ढांचा सुदृढ़ हो सकता है। लेकिन इसके लिए केवल सत्ता नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ बनने वाला विधायक चाहिए, जो विधानसभा से लेकर मंत्रालय तक क्षेत्र के हक की लड़ाई लड़े।
आज जनता यह महसूस कर रही है कि नेतृत्व परिवर्तन केवल राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि विकास की कुंजी है। खरसिया को ऐसा प्रतिनिधि चाहिए जो जाति, गुट और दिखावे की राजनीति से ऊपर उठकर काम करे। जिस दिन यह बदलाव होगा, उसी दिन खरसिया पिछड़ेपन की पहचान से निकलकर चहुमुखी विकास की मिसाल बनेगा।
अब सवाल जनता से है—क्या खरसिया भविष्य की ओर कदम बढ़ाने के लिए नेतृत्व परिवर्तन को तैयार है? क्योंकि बदलाव ही विकास की पहली शर्त है।



