रायगढ़ के किसान पुत्र सतवीर सत्ते को प्रदेश स्तरीय बड़ी जिम्मेदारी, भाजपा किसान मोर्चा में अहम दायित्व!

रायगढ़। रायगढ़ जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि जिले के युवा किसान नेता सतवीर सत्ते को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ में आईटी सेल सह प्रभारी (प्रदेश) का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। वर्तमान में वे भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री हैं और साथ ही जनपद पंचायत पुसौर के सभापति के रूप में भी अपनी प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं।
सतवीर सत्ते ने जनपद पंचायत चुनाव में प्रदेश में सर्वाधिक 85 प्रतिशत मतों के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज कर यह साबित किया कि वे जमीनी स्तर पर किसानों और ग्रामीणों के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं। किसान हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर वे लगातार सक्रिय रहे हैं और किसानों की समस्याओं को प्रशासन व सरकार तक मजबूती से पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं।

प्रदेश स्तरीय दायित्व मिलने के बाद सतवीर सत्ते ने कहा कि, “मैं संगठन के शीर्ष नेताओं, मंडल, जिला, प्रदेश के समस्त नेता-कार्यकर्ताओं एवं किसान बंधुओं का हृदय से आभारी हूं। एक सामान्य किसान परिवार के ग्रामीण कार्यकर्ता को भाजपा किसान मोर्चा में प्रदेश सह प्रभारी आईटी सेल का दायित्व दिया गया है, यह मेरे लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।”
उन्होंने आगे कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी, तन-मन-धन से संगठन की सेवा करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर किसान मोर्चा को और अधिक सशक्त, संगठित एवं प्रभावशाली बनाने के लिए कार्य करेंगे। उनका संकल्प है कि आधुनिक तकनीक और आईटी माध्यमों के जरिए किसानों की आवाज को मजबूती से संगठन और सरकार तक पहुंचाया जाए।
सतवीर सत्ते ने विश्वास जताया कि भाजपा किसान मोर्चा के सभी कार्यकर्ता मिलकर सेवा, संगठन और समर्पण के मार्ग पर चलते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति से रायगढ़ जिले सहित पूरे प्रदेश के किसान कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है।



