सुर्री पहुँचे सांसद राधेश्याम राठिया, 41 लाख के विकास कार्यों की सौगात आंगनबाड़ी लोकार्पण, नाली निर्माण भूमिपूजन, मंच हेतु 2 लाख की त्वरित स्वीकृति!



रायगढ़ :-खरसिया विधानसभा क्षेत्र के सूपा मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत सुर्री में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल की उपस्थिति रही। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का पुष्पहार से भव्य स्वागत किया गया।


इस अवसर पर सांसद राधेश्याम राठिया ने 8 लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया तथा लगभग 33 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सांसद राठिया को लड्डू से तौलकर सम्मानित किया।


सभा को संबोधित करते हुए सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि ग्राम सुर्री आकर उन्हें अपार खुशी और सौभाग्य की अनुभूति हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की “विकसित भारत जी राम जी योजना” की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना मजदूर वर्ग के हित में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना पिछले 20 वर्षों से संचालित हो रही थी, लेकिन समय के साथ इसमें भ्रष्टाचार और मजदूरी भुगतान में देरी जैसी समस्याएँ सामने आईं। इन्हीं कमियों को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई योजना की शुरुआत की गई है।


सांसद ने बताया कि इस योजना के तहत मजदूरों को 125 दिनों का कार्य मिलेगा और मजदूरी का भुगतान एक सप्ताह के भीतर सीधे किया जाएगा, जिससे भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी।
ग्रामीणों द्वारा ग्राम सुर्री में मंच निर्माण की मांग रखे जाने पर सांसद राठिया ने त्वरित रूप से 2 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की तथा अन्य मांगों को भी शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।


विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में वरिष्ठ भाजपा नेता बीरबल गुप्ता एवं ग्राम सुर्री के स्वर्गीय निरंजन लाल नायक को याद करते हुए उन्हें जनसंघ काल के संघर्षशील नेता बताया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर तेजी से एक विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर हो रहा है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं ग्राम सुर्री की सरपंच मीनाक्षी टेकलाल नायक ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश गुप्ता, भाग्यवती डोलनारायण नायक, लक्ष्मी जीवन पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, उपाध्यक्ष खीरमती चौहान, जनपद पुसौर सभापति मुकतेश्वर पंडा, भाजपा महिला जिलाध्यक्ष मधुलता पटेल, जिला भाजपा उपाध्यक्ष जयप्रकाश पटेल, जिला कोषाध्यक्ष सनत नायक, सरपंच मृत्युंजय ठाकुर, मंडल अध्यक्ष प्रदीप पटेल, महामंत्री कमलधर नायक, गौतम गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता खीरसागर नायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिलाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



