ग्राम पंचायत बड़े डुमरपाली में संविधान और राष्ट्रीय सम्मान की अनदेखी! सचिव की मनमानी से ग्रामीण आक्रोशित!

रायगढ़/खरसिया,/
जनपद पंचायत खरसिया अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े डुमरपाली में ग्राम पंचायत सचिव की गंभीर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्राम पंचायत के सरपंच राजेश कुमार राठिया सहित पंचों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव न तो नियमित रूप से पंचायत कार्यालय आता है और न ही राष्ट्रीय पर्वों जैसे 15 अगस्त एवं 26 जनवरी जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में कभी उपस्थित होता है।
सरपंच राजेश कुमार राठिया ने तीखे शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल औपचारिकता नहीं बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और शहीदों के बलिदान का सम्मान हैं। ऐसे आयोजनों से सचिव की लगातार अनुपस्थिति देश और राष्ट्रीय प्रतीकों का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कार्यालय का समय पर खुलना तो दूर, कई बार पंचायत से जुड़े आवश्यक कार्य भी महीनों तक लंबित पड़े रहते हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव की मनमानी के चलते ग्राम पंचायत बड़े डुमरपाली में विकास कार्य पूरी तरह से ठप नजर आ रहे हैं। योजनाओं की जानकारी समय पर नहीं मिलती, जरूरी दस्तावेजों के लिए ग्रामीणों को बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं। इसके बावजूद जनपद पंचायत खरसिया के सक्षम अधिकारियों द्वारा संबंधित सचिव के खिलाफ आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की चुप्पी से सचिव के हौसले बुलंद हैं और वह बेखौफ होकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहा है। अब सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीर जांच कर दोषी सचिव पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राम पंचायत बड़े डुमरपाली में विकास कार्य पुनः गति पकड़ सके और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की गरिमा बनी रहे।



