ब्रेकिंग न्यूज़

पुसौर नगर पंचायत में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी ने किया ध्वजारोहण!


पुसौर:- देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इसी क्रम में पुसौर नगर पंचायत में भी गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में किया गया। नगर पंचायत कार्यालय परिसर के सामने आयोजित मुख्य समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

ध्वजारोहण के पश्चात शांति और सद्भाव के प्रतीक स्वरूप श्वेत कबूतर छोड़े गए। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर उपस्थित नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी ने नगरवासियों एवं समस्त अंचलवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की गरिमा, देश की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लेने का अवसर देता है। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधि और अधिकारी पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।


कार्यक्रम की प्रमुख झलकियों में नगर पंचायत कार्यालय परिसर में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ललित कुमार साहू द्वारा ध्वजारोहण किया गया। वहीं महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर उमेश साव द्वारा तथा नगर के हृदय स्थल श्री जगन्नाथ मंदिर चौक में वरिष्ठ शिक्षक एवं अध्यक्ष महोदया के मार्गदर्शक रहे गुरु श्री जगबंधु भोय जी द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्र को नमन किया गया।
समारोह में विशेष रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मोहित सतपथी की उपस्थिति रही। इसके अलावा नगर के गणमान्य नागरिक, सभी पार्षदगण तथा विशेष सहयोगी के रूप में श्री मिलाप पटेल, श्री अनिल कुमार सतपथी एवं आर.पी. साव सर की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

प्रशासनिक स्तर पर नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

समारोह के दौरान नगर पंचायत परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा। अध्यक्ष महोदया ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा नगर के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मिष्ठान वितरण कर उपस्थित जनसमूह के साथ खुशियां साझा की गईं।
गणतंत्र दिवस का यह आयोजन पुसौर नगर पंचायत में राष्ट्रप्रेम, एकता और विकास के संकल्प का सशक्त संदेश देता नजर आया

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button