LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य

विधायक रामकुमार यादव के नेतृत्व में धान बिक्री अव्यवस्था के खिलाफ किसानों का सक्ती कलेक्ट्रेट मे धरना!



सक्ती।
धान बिक्री में हो रही परेशानियों और टोकन व्यवस्था की गंभीर गड़बड़ियों को लेकर आज सक्ती कलेक्ट्रेट में किसानों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह आंदोलन चन्द्रपुर विधायक रामकुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि धान खरीदी केंद्रों में टोकन वितरण में पारदर्शिता का अभाव है, जिसके कारण किसानों को बार-बार परेशान होना पड़ रहा है। कई किसानों को समय पर टोकन नहीं मिल पाने से धान बिक्री में देरी हो रही है, वहीं परिवहन, तौल और भुगतान व्यवस्था भी अव्यवस्थित बनी हुई है। इससे किसान मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
धरना-प्रदर्शन के पश्चात किसानों की समस्याओं से संबंधित एक विस्तृत पत्र शासन को विधिवत प्रेषित किया गया। प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद आंदोलन को फिलहाल विराम दिया गया। विधायक रामकुमार यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक मजबूती के साथ दोबारा शुरू किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष आदरणीया श्रीमती रश्मि गवेल, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, नेता प्रतिपक्ष एवं सक्ती विधायक प्रतिनिधि गुलजार सिंह ठाकुर, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष मेनका जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा खूंटे, शांति साहू एवं सरोज डनसेना, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मालखरौदा श्याम केवट एवं डभरा ओमप्रकाश पटेल, जिला कार्यकारी अध्यक्ष युवा कांग्रेस प्रताप चंद्रा, जिला विधायक प्रतिनिधि एवं मंडल अध्यक्ष डभरा सुनील चंद्रा, तुलसी देवी साहू, लकेश्वरी लहरें, सीता जाटवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता एवं जिले के माटीपुत्र किसान भाई उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि किसान अन्नदाता है और उसकी मेहनत के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी सदैव सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button