परसकोल में चौहान समाज कार्यकारिणी का भव्य सम्मान, शिक्षा व एकता पर जोर!



खरसिया। खरसिया विकासखंड के ग्राम परसकोल में शनिवार 08 फरवरी 2026 को चौहान समाज कार्यकारिणी का भव्य सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के पदाधिकारियों को सम्मानित कर सामाजिक एकता, शिक्षा और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देना रहा।


समारोह में समाज के विभिन्न प्रकोष्ठों— मुख्या, युवा एवं महिला प्रकोष्ठ—के पदाधिकारियों तथा जिले से पधारे अतिथियों का फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छों से आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में हरिलाल चौहान (ब्लॉक अध्यक्ष, खरसिया), हरिशंकर चौहान (ब्लॉक अध्यक्ष, युवा प्रकोष्ठ) एवं सुशीला शिवनाथ चौहान (ब्लॉक अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ) सहित अनेक सामाजिक पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिलाल चौहान (ब्लॉक अध्यक्ष) एवं विशिष्ट अतिथि शिवाधर चौहान (संगठन मंत्री) रहे। संबोधन में अध्यक्ष हरिलाल चौहान ने चौहान समाज को एकजुट होकर संगठित रूप में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खरसिया क्षेत्र में समाज के समग्र उत्थान के लिए युवाओं को समाज की संस्कृति, परंपरा और मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है। साथ ही आने वाली पीढ़ी को शिक्षा के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि शिवाधर चौहान ने अपने उद्बोधन में युवाओं को समाज की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को कौशल विकास एवं व्यावहारिक स्किल्स से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि चौहान समाज की महिलाओं को शिक्षा एवं सामाजिक भागीदारी के लिए सम्मान और अवसर देना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में जिले से पधारे पदाधिकारियों में शिवाधर चौहान (संगठन मंत्री), कमल सिंह चौहान (युवा संगठन मंत्री), अशोक चौहान (युवा उपाध्यक्ष), संतोष चौहान (जिला प्रभारी) एवं अमरीका चौहान (महिला उपाध्यक्ष) की विशेष उपस्थिति रही।
सम्मान समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाजजनों में उत्साह और हर्षोल्लास का वातावरण रहा। वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक विकास के माध्यम से चौहान समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।



