

रायगढ़:-जिंदल पॉवर सीमेंट उद्योग प्रोजेक्ट एरिया कोसम पाली, धनागार क्षेत्र कार्यरत श्रमिकों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। सैकड़ों मजदूरों ने एकजुट होकर 8 घंटे की निर्धारित ड्यूटी और समय पर वेतन भुगतान की मांग को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। श्रमिकों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
जिंदल पॉवर सीमेंट उद्योग प्रोजेक्ट एरिया कोसम पाली, धनागर से जुड़े इस उद्योग में कार्यरत मजदूरों का आरोप है कि उनसे लगातार 8 घंटे से अधिक काम लिया जा रहा है, लेकिन न तो अतिरिक्त समय का भुगतान किया जाता है और न ही वेतन समय पर दिया जाता है। इससे श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरना स्थल पर मौजूद श्रमिक नेताओं ने कंपनी प्रबंधन पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि यह सीधा-सीधा श्रम कानूनों का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। श्रमिकों का कहना है कि वे अब शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपने अधिकार लेकर रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, यह समस्या सिर्फ एक उद्योग तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के कई उद्योगों में भी श्रमिक इसी तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसी वजह से अलग-अलग श्रमिक संगठन लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे मजदूरों में आक्रोश और बढ़ता जा रहा है। अगर जल्द ही समाधान नहीं निकला, तो यह आंदोलन बड़े औद्योगिक विवाद का रूप ले सकता है।



