चुड़ामणि ने बढ़ाया रायगढ़ का मान : नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड 2026 से सम्मानित”

रायपुर:- रायगढ़ जिले के खरसिया निवासी युवा समाजसेवी चुड़ामणि यादव को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारत की राजधानी New Delhi स्थित विश्व युवा केंद्र में आयोजित विकसित भारत यंग लीडरशिप प्रोग्राम 2026 के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रोजेक्ट पॉइंट ओडिशा एवं विश्व युवा केंद्र द्वारा 11 मई 2026 को किया गया।
चुड़ामणि यादव को राष्ट्रीय एकता, शांति एवं सद्भावना के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, नेतृत्व क्षमता और समाजहित में किए जा रहे निरंतर कार्यों के लिए यह सम्मान मिला। देशभर से चयनित समाजसेवी एवं युवाओं के बीच उन्हें यह प्रतिष्ठित अवार्ड प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिशी कोलानी, विश्व युवा केंद्र के सचिव एवं यूथ डायरेक्टर उदय शंकर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने चुड़ामणि यादव के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
चुड़ामणि यादव पिछले कई वर्षों से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे राष्ट्रीय एकता एवं शांति सद्भावना युवा शिविरों के आयोजन के साथ-साथ रक्तदान, वृक्षारोपण, सामाजिक एकता, जनजागरूकता और विभिन्न सामाजिक अभियानों में लगातार कार्य कर रहे हैं। पूरे छत्तीसगढ़ में युवाओं को समाजसेवा के लिए प्रेरित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कठिन परिस्थितियों में भी समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण लगातार बना रहा, जिसके चलते उन्हें पूर्व में भी कई सम्मान मिल चुके हैं। इस राष्ट्रीय सम्मान से रायगढ़ और खरसिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।



