LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्यविश्व

विधायक रिकेश सेन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सौंपे दस्तावेज, भिलाई इस्पात संयंत्र में 40 वर्षों से चल रही कथित लोहा चोरी की जांच की मांग

रायपुर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर भिलाई इस्पात संयंत्र में पिछले लगभग 40 वर्षों से चल रही कथित लोहा चोरी एवं राष्ट्रीय संपत्ति को हुए भारी नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी और दस्तावेज प्रस्तुत किए। विधायक सेन ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस कथित घोटाले से देश की संपत्ति को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात के दौरान विधायक रिकेश सेन ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इस प्रकार की गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने की मांग की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई करेंगी, ताकि राष्ट्रीय संपत्ति की चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि अब तक हुई कथित चोरी और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कराई जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों को कानून के दायरे में लाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस प्रकार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
विधायक रिकेश सेन ने मुख्यमंत्री द्वारा मामले को गंभीरता से लेने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सत्य सामने लाने और राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।
उपशीर्षक:
10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों पर सरकार गंभीर, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई !

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button