
रायगढ़। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत खरसिया विकासखंड के ग्राम नावापारा में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गवेल ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य ही देश की सबसे बड़ी पूंजी है। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण और पोलियो की खुराक बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा ग्रामीण उपस्थित रहे। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे। पल्स पोलियो अभियान के प्रति ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला और सभी ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस जनहितकारी पहल का समर्थन किया।



