जनपद पंचायत पुसौर क्षेत्र मे सामुदायिक सुलभ शौचालय निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल, सामाजिक कार्यकर्ता ने की जांच की मांग !

पुसौर। जनपद पंचायत पुसौर अंतर्गत ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन सामुदायिक सुलभ शौचालय के कार्य में कथित रूप से गुणवत्ता विहीन निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत तुरंगा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता पदमनाभ प्रधान ने निर्माण कार्य में अनियमितता एवं तकनीकी मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया है। 
पदमनाभ प्रधान का कहना है कि निर्माण कार्य जनपद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों के संरक्षण में बिना निर्धारित तकनीकी मापदंडों के किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शौचालय निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से नींव की खुदाई कर गड्ढों में पुनः मिट्टी भरकर सीधे ईंटों के साथ कॉलम खड़े किए जा रहे हैं, जबकि नींव की मजबूती और संरचनात्मक सुरक्षा के आवश्यक मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता के अनुसार निर्माण कार्य में गुणवत्ता और स्थायित्व को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे भविष्य में भवन की मजबूती पर प्रश्नचिह्न खड़े हो सकते हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के बीच भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के दौरान क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
नोट: यह आरोप सामाजिक कार्यकर्ता पदमनाभ प्रधान द्वारा लगाए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच एवं संबंधित विभाग का पक्ष सामने आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



