पार्ट – 3 नगर पालिका खरसिया के पार्षद प्रत्याशी का जाति प्रमाण पत्र का बड़ा खेला! एक ही दिन में आवेदन और उसी दिन खारिज, फिर भी निकला अस्थायी जाति प्रमाण पत्र!

खरसिया (संवाददाता):
नगर पालिका खरसिया में पार्षद चुनाव को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक पार्षद प्रत्याशी ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जिस दिन लोक सेवा केंद्र में आवेदन किया, उसी दिन उसका आवेदन आवश्यक दस्तावेजों की कमी के चलते खारिज भी कर दिया गया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि खारिज होने के बावजूद उसी आवेदन से अस्थायी जाति प्रमाण पत्र भी जनरेट हो चुका था, जिसमें अधिकृत शील और हस्ताक्षर भी मौजूद थे।
जब इस पूरे मामले में लोक सेवा केंद्र के संचालक से मोबाइल पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने उक्त आवेदन को स्वीकार करने की बात मानी, साथ ही ये भी स्पष्ट किया कि आवेदन खारिज कर दिया गया था और प्रमाण पत्र पर किया गया शील-साइन फर्जी है।
अब चर्चा का विषय यह बन गया है कि जब आवेदन खारिज कर दिया गया था, तो जाति प्रमाण पत्र कैसे बना? और अगर बना, तो यह प्रशासनिक प्रणाली की गंभीर चूक या मिलीभगत का संकेत है।
इतना ही नहीं, जानकारी मिली है कि संबंधित पार्षद प्रत्याशी ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को देखकर तुरंत नए दस्तावेज तैयार कर लिए हैं और अब दोबारा आवेदन देने की तैयारी में जुटा हुआ है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पहले से खारिज आवेदन के बाद भी क्या राजस्व विभाग के अधिकारी उक्त प्रत्याशी को फिर से प्रमाण पत्र जारी करते हैं? यदि ऐसा होता है तो यह पूरे जाति प्रमाण पत्र व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।



