ब्रेकिंग न्यूज़

निजी स्कूल पर गंभीर आरोप, छात्र की मानसिक प्रताड़ना के विरोध में भड़का आक्रोश!

रायगढ़। एक निजी वेदिक स्कूल में कक्षा 6 के छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी शिक्षक व स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक द्वारा छात्र को अपमानजनक शब्द कहे गए, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हुआ। यह कृत्य न केवल अमानवीय है, बल्कि शिक्षा के मूल्यों के भी विरुद्ध है। एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने वाले शिक्षण संस्थानों में यदि इस प्रकार का व्यवहार होगा, तो अभिभावकों का विश्वास कैसे बचेगा।

घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने डीईओ कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना दिया और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई और स्कूल प्रबंधन पर कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

एनएसयूआई का यह भी आरोप है कि उक्त स्कूल के खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन अब तक शिक्षा विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप को कितनी गंभीरता से लेता है और पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button