LIVE TVब्रेकिंग न्यूज़राज्य

संस्कार स्कूल में मकर संक्रांति व लोहिड़ी की रही धूम बच्चों ने बनाई एक से बढ़कर एक पतंग, फैंसी ड्रेस में दिखाई प्रतिभा

रायगढ़। शहर की प्रसिद्ध शैक्षणिक संस्था संस्कार पब्लिक स्कूल में मकर संक्रांति, लोहिड़ी व पोंगल का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक सुंदर-सुंदर पतंगें बनाईं। फैंसी ड्रेस में भी बच्चों ने खूब लुभाया। अलग-अलग वेशभूषा में बच्चे काफी आकर्षक लग रहे थे। लोहिड़ी पर्व पर स्कूल परिसर में अलाव भी जलाया गया, जिसके चारों ओर घूम-घूमकर नृत्य कर त्यौहार की खुशियां मनाईं।

स्कूल के मार्गदर्शक रामचंद्र शर्मा ने बताया कि हमारी संस्था में हर तीज-त्यौहार धूमधाम से मनाया जाता है। इसके माध्यम से बच्चों को हमारे देश की कला-संस्कृति की जानकारी दी जाती है। इसी कड़ी में मकर संक्रांति, लोहिड़ी व पोंगल पर स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। मकर संक्रांति पर पतंग उड़ाने की परंपरा के मद्देनजर स्कूल में विशेष व्यवस्था की गई थी। बच्चों व शिक्षकों ने खुद अपने हाथों से सुंदर-सुंदर पतंगें बनाईं और पतंग उड़ाकर त्यौहार का आनंद उठाया। लोहिड़ी पर अलाव जलाकर नई फसल आने की खुशियां मनाईं गईं।

स्कूल की प्राचार्य श्रीमती रश्मि शर्मा ने बच्चों को इन त्यौहारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति के दिन ही सूर्यदेव दक्षिणायन से उत्तरायण होते हैं। इस दिन से ऋतु परिवर्तन शुरू हो जाता है। इसी तरह पोंगल व लोहिड़ी का पर्व नई फसल आने की खुशी में मनाया जाता है। बच्चों ने इन त्यौहारों का खूब आनंद उठाया। इसमें स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी भागीदारी निभाई। बच्चों के अभिभावकों ने भी स्कूल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button