जनता के सवाल न्यूज़ का खबर का असर: अवैध रेत खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई डूमरपाली में पोकलेन मशीन जब्त, वाहन मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज!


रायगढ़, 6 जून 2026। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बड़े डूमरपाली में अवैध उत्खनन में संलिप्त एक चैन माउंटेड पोकलेन मशीन को जब्त कर सील कर दिया है। वाहन मालिक के विरुद्ध प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि “जनता के सवाल” न्यूज़ द्वारा लगातार डूमरपाली क्षेत्र में कथित रूप से चाचा के संरक्षण प्राप्त अवैध रेत खनन की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की जा रही थीं। समाचारों में मांड नदी से पोकलेन मशीनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रेत उत्खनन किए जाने का मुद्दा उठाया गया था। इसके बाद प्रशासन और खनिज विभाग हरकत में आया और कार्रवाई की गई।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़े डूमरपाली निवासी यशवंत डडसेना द्वारा चैन माउंटेड मशीन के माध्यम से अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर खनि निरीक्षक एवं खनिज उड़नदस्ता दल ने ग्राम बड़े डूमरपाली, तहसील खरसिया में दबिश दी।
जांच के दौरान मौके पर अवैध रेत उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेड पोकलेन मशीन को जब्त कर सील किया गया तथा उसे ग्राम पंचायत सरपंच की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया। विभाग ने वाहन मालिक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी तरह सतत निगरानी बनाए रखे तो क्षेत्र में अवैध रेत खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।



