नावापारा मांड मंडी क्षेत्र के ग्राम घुघवा में 115 कट्टा धान जप्त! बिचौलिये के घर से मिली बड़ी मात्रा में पुराना धान!
पुसौर :- तहसील पुसौर अंतर्गत नावापारा मांड मंडी क्षेत्र के ग्राम घुघवा में धान की अवैध खरीद–फरोख्त की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम ने बड़ी कार्यवाही की है। मिली जानकारी के अनुसार एक बिचौलिये के घर से करीब 115 कट्टा पुराना धान जप्त किया गया है। यह मामला उस समय सामने आया जब ग्रामीणों द्वारा विभाग को अवैध रूप से धान संग्रहित किए जाने की जानकारी दी गई थी।
सूचना मिलते ही पुसौर के राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर धान का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार जप्त किया गया धान कथित तौर पर पुराने वर्ष का बताया जा रहा है, जिसे समर्थन मूल्य पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। वहीं बिचौलिये के नाम संबंधी पूछताछ करने पर अधिकारी अभी स्पष्ट जानकारी देने से बचते हुए जाँच कार्यवाही पूर्ण होने के बाद नाम खुलासा करने की बात कह रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सत्ता में आते ही किसानों के हितों को सर्वोपरि रखने की बात कही है। सरकार ने धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण व बिचौलियों पर सख्त निगरानी शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या किसानों को नुकसान पहुँचाने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मामले से यह भी साफ होता है कि कुछ लोग नियमों को दरकिनार कर पुराना धान समर्थन मूल्य पर बेचकर अनुचित लाभ कमाने की कोशिश कर रहे हैं। राजस्व प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्यवाही का स्वागत करते हुए कहा कि इससे वास्तविक किसानों को न्याय मिलेगा और मंडी में पारदर्शिता बनी रहेगी।



