सरस्वती शिशु मंदिर रायगढ़ मे संस्कारयुक्त शिक्षा एवं सामाजिक चेतना के विस्तार को लेकर ग्राम भारती जिला समिति की बैठक सम्पन्न!


रायगढ़। ग्राम भारती जिला समिति रायगढ़ द्वारा जिले के सभी सरस्वती शिशु मंदिरों के प्रधानाचार्य एवं प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक सरस्वती शिशु मंदिर, लक्ष्मीपुर रायगढ़ में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ किया गया।


बैठक में आचार्य राजेंद्र महाराज, अध्यक्ष ग्राम भारती जिला शक्ति एवं प्रांतीय सदस्य, सरस्वती ग्राम शिक्षा विकास समिति ने मार्गदर्शन प्रदान करते हुए बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर योजना के प्रत्येक कार्यक्रम के माध्यम से समाज में जागरूकता जगाना प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने संस्कारयुक्त शिक्षा को देश की संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप आगे बढ़ाने पर बल दिया।
सप्तशती संगम आयोजन के माध्यम से मातृशक्ति को प्रोत्साहित कर समाज में सम्मान दिलाने तथा संस्कृति बौद्ध परियोजना को प्रत्येक विद्यालय में क्रियान्वित करने पर विशेष चर्चा की गई। संस्कृति ज्ञान परीक्षा के प्रति जागरूकता, देवपुत्र पत्रिका के विशेष संस्करण का प्रसार तथा बसंत पंचमी पर समर्पण राशि संग्रह जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। वनांचल एवं अभावग्रस्त क्षेत्रों के बच्चों के लिए संस्कार केंद्र व एकल शिक्षक विद्यालय संचालन में सहयोग पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह साफ कहा गया कि प्रत्येक विद्यालय सामाजिक चेतना का केंद्र बने। इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों व प्राचार्यों को व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर क्षेत्र में सक्रियता से कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में विभाग संघचालक विजय शंकर पटनायक, जिला सचिव कौशल किशोर बेहार, सहसचिव अरविंद प्रधान, सदस्य श्रीमती स्नेहलता सिदार, विभाग समन्वयक वीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, व्यवस्थापक लक्ष्मण प्रसाद कटकवार, प्रकाश शर्मा, प्राचार्य विनीता श्रीवास, प्रधानाचार्य रमेश धर द्विवेदी, जिला समन्वयक परमानंद नायक एवं पंडित शिव दुबे उपस्थित रहे।
जिले के सभी प्रधानाचार्य एवं प्राचार्यों ने बैठक में सहभागिता की तथा उन्हें अर्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्नपत्र वितरित किए गए। अंत में आभार प्रदर्शन जिला समन्वयक परमानंद नायक द्वारा किया गया।



