खरसिया विधानसभा में संगठन का शक्ति प्रदर्शन: तारापुर मंडल में भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का जोशीला आगमन, कार्यकर्ताओं में भरा नया उत्साह!

रायगढ़ :-खरसिया विधानसभा क्षेत्र के तारापुर मंडल में भारतीय जनता पार्टी रायगढ़ जिले के सभी मोर्चों के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का भव्य आगमन हुआ। इस अवसर पर आयोजित भेंट–मुलाकात एवं बैठक कार्यक्रम में पार्टी संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों की झलक साफ दिखाई दी। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोरंजन साव, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. यशवंत शिंदे, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष असलम खान, जिला संगठन कोषाध्यक्ष सनत नायक, जिला मंत्री गायत्री केशरवानी, तारापुर मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात नवनियुक्त जिलाध्यक्षों व विशिष्ट अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। बैठक में सभी जिलाध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष संवाद कर संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया।

पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोरंजन साव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. यशवंत शिंदे ने तारापुर मंडल के संगठित और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि इस एकजुटता से आने वाले चुनावों में भाजपा की स्थिति बेहद मजबूत होगी।

अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष असलम खान ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं जिला संगठन कोषाध्यक्ष सनत नायक ने ओजस्वी वक्तव्य में कहा कि मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार के विकास कार्यों से देश व राज्य निरंतर प्रगति की राह पर हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी गारंटी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के विकास रथ से खरसिया में भी भाजपा का विधायक बनेगा।
अंत में मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर पटेल ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की एकजुटता से आगामी विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित है। उन्होंने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।



