जनपद पंचायत खरसिया में ‘बिहान’ योजना के नाम पर लाखों का घोटाला! महिला सशक्तिकरण बना लूट का जरिया, समन्वयक–अधिकारियों की मिलीभगत उजागर!

रायगढ़ :- जनपद पंचायत खरसिया अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की बिहान योजना में 20 लाख रुपये से अधिक के घोटाले का गंभीर मामला सामने आ रहा है। महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन के नाम पर चलाई जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना में भारी वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, स्वयं सहायता समूहों के नाम पर जारी की गई राशि का दुरुपयोग किया गया, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं को अपेक्षित लाभ नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक, योजना के तहत प्रशिक्षण, आजीविका गतिविधियों, समूह सुदृढ़ीकरण और बैंक लिंकेज के नाम पर लाखों रुपये निकाले गए, लेकिन कई समूहों को न तो सही प्रशिक्षण मिला और न ही संसाधन उपलब्ध कराए गए। आरोप है कि बिहान समन्वयक सहित कुछ क्षेत्रीय अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर भुगतान किया गया। कई मामलों में खर्च की प्रविष्टियां कागजों में दिखाई गईं, जबकि वास्तविकता में कार्य या तो अधूरा है या हुआ ही नहीं।
स्थानीय स्तर पर महिलाओं और समूह सदस्यों में रोष बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि योजना का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था, लेकिन कुछ जिम्मेदारों ने इसे कमाई का जरिया बना लिया। यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो शासन की मंशा और महिलाओं का भरोसा दोनों पर गंभीर आघात लगेगा।
विश्वसनीय सूत्रों का दावा है कि पूरे मामले के दस्तावेज, भुगतान विवरण और बैंक लेन-देन की परतें जल्द ही खुल सकती हैं। अब निगाहें जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों पर टिकी हैं कि क्या इस कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी या मामला फाइलों में दबा दिया जाएगा।
बिहान जैसी योजना में भ्रष्टाचार के आरोप न केवल चिंताजनक हैं, बल्कि यह सीधे-सीधे महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य पर सवाल खड़े करते हैं।



