भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. रोशनलाल अग्रवाल की 5वीं पुण्यतिथि पर चिखली में श्रद्धा, सेवा और संकल्प का संगम!

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल की 5वीं पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा सुपा मंडल के ग्राम चिखली में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्व. अग्रवाल के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।


कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अधिवक्ता मधुलता पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने स्व. रोशनलाल अग्रवाल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भाजपा की विचारधारा के प्रति आजीवन समर्पित रहे और विधायक जैसे संवैधानिक पद पर रहते हुए भी उन्होंने केवल जनहित, राष्ट्रसेवा और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान को प्राथमिकता दी। उनका जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. अग्रवाल के सादगीपूर्ण जीवन, कर्मठता और संगठन के प्रति निष्ठा को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि रोशन जी सत्ता या पद के नहीं, बल्कि सेवा और सिद्धांतों के नेता थे, जिन्होंने क्षेत्र के विकास के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के लिए निष्पक्ष भाव से कार्य किया।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनया कारमोरे, राजकुमार छत्तर, मोहन कुर्रे, जिला कार्यसमिति सदस्य विद्यानंद प्रधान, वरिष्ठ कार्यकर्ता विनोद गोयल, गुलाब लहरे, कुंजराम प्रधान, मंडल अध्यक्ष प्रदीप पटेल, महामंत्री गौतम गुप्ता, चिखली सरपंच खेमराम साव, उपाध्यक्ष यशवंत प्रधान, युवा मोर्चा महामंत्री वेदप्रकाश साव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने स्व. रोशनलाल अग्रवाल के आदर्शों पर चलने तथा भाजपा को मजबूत करने का संकल्प लिया। श्रद्धा, स्मरण और संगठनात्मक एकता से ओतप्रोत यह आयोजन स्व. अग्रवाल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि साबित हुआ।



