LIVE TVदेशराज्य

स्कूल में पढ़ाई बंद, गुरुजी का बर्थडे सेलिब्रेशन! बच्चों से कराया डांस, जिम्मेदार अधिकारी खामोश !

  • रायगढ़। जिले के धर्मजयगढ़ विकासखंड के एक शासकीय स्कूल पखनकोट  में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में पढ़ाई-लिखाई को किनारे रखकर शिक्षक के जन्मदिन का जश्न मनाया गया और विद्यार्थियों से डांस करवाया गया। इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
    जानकारी के अनुसार स्कूल में नियमित पढ़ाई के समय बच्चों को कक्षा में पढ़ाने के बजाय शिक्षक के जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुछ छात्र-छात्राओं से डांस करवाया गया और शिक्षक खुद भी कार्यक्रम में शामिल होकर नाचते नजर आए। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम स्कूल परिसर में ही आयोजित किया गया, जिससे पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हुई।

  • स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में पहले ही पढ़ाई का स्तर गिरता जा रहा है। ऐसे में यदि स्कूलों में पढ़ाई के समय इस तरह के आयोजन किए जाएंगे, तो बच्चों के भविष्य पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उनका कहना है कि स्कूल शिक्षा का मंदिर माना जाता है, जहां अनुशासन और पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
    इस मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि स्कूलों में इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
    फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और अभिभावक उम्मीद जता रहे हैं कि शिक्षा विभाग मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगा, ताकि स्कूलों में पढ़ाई का माहौल बना रहे और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button